चिन्यालीसौड़। ऑलवेदर बाईपास के पीपलमंडी क्षेत्र में सोमवार देर रात ट्रक और मैक्स वाहन की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि मैक्स वाहन की छत तक उखड़ गई। हादसे में मैक्स चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसे 21 टांके लगाने पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब ट्रक और मैक्स वाहन की पीपलमंडी के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। मैक्स में सवार चालक जगवीर सिंह रावत (25) पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम बिकोल, थाना छाम टिहरी गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ सवार भवान सिंह पंवार (35) पुत्र मोहन सिंह पंवार निवासी ग्राम लवाणी, थाना छाम को सामान्य चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को निजी वाहन से सीएचसी चिन्यालीसौड़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जगवीर सिंह को हायर सेंटर रेफर किया। वहीं, चौकी प्रभारी चिन्यालीसौड़ तस्लीम आरिफ ने बताया कि चालक जगवीर के सिर पर 21 टांके लगाए गए हैं। ट्रक अमित (21) पुत्र राकेश नाथ निवासी ग्राम सीरा गडोली, तहसील चिन्यालीसौड़ चला रहा था। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।