पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के आगामी चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या सीमित करने संबंधी बयान से गुस्साए यात्रा कारोबारियों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में कलक्ट्रेट पहुंचकर यात्रा कारोबारियों ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में चारधाम यात्रा को सुचारु रुप नहीं चलने देने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को यहां हनुमान चौक पर पर्यटन मंत्री के बयान के विरोध में होटल व्यवसायी, टैक्सी-मैक्सी कैब, बस यूनियन, व्यापार मंडल एवं पर्यटन व्यवसायी एकत्रित हुए। उन्होंने मंत्री के बयान को यात्रा से जुड़े कारोबारियों की आजीविका पर कुठाराघात बताया। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि कोरोना के चलते पिछले साल भी यात्रा पूरी तरह प्रभावित रही। कहा कि होटल व्यवसायियों ने बिजली, पानी के बिलों के साथ ऋण पर ब्याज माफ करने की मांग की, लेकिन सरकार ने कोई राहत नहीं दी। यात्रा कारोबार से जुड़े होटल, टैक्सी, बस, व्यापारी सभी आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बिना यात्रा कारोबारियों से वार्ता किए यात्रियों की संख्या सीमित करने का फैसला लेने का कड़ा विरोध किया।
विरोध प्रदर्शन के बाद यात्रा कारोबारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान, होटल एसोसिएशन संरक्षक राजेंद्र पंवार, महेश पंवार, रविंद्र नेगी, दीपेंद्र पंवार, अजय पुरी, डिंपल थलवाल, मान सिंह गुसाईं, बस यूनियन अध्यक्ष गजपाल रावत, टैक्सी-मैक्सी संघ के सोबन मलूड़ा, आमोद पंवार, आशीष कुड़ियाल, अंकित उप्पल, बिंदेश कुड़ियाल, प्रकाश भद्री, सुभाष कुमाईं, मनोज रावत, दिनेश उप्पल, प्रमोद राणा, माधव जोशी, तिलक सोनी आदि बड़ी संख्या में पर्यटन व्यवसायी शामिल रहे।