उत्तरकाशी। राजकीय इंटर कॉलेज कंडारी में छात्राओं ने गढ़ भोज का आयोजन किया। इसमें छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के पारंपरिक पकवान बनाए। साथ ही छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा पहनकर शिक्षकों को गढ़भोज परोसा।
बृहस्पतिवार को विद्यालय में आयोजित गढ़ भोज कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आलू से भरी पूरियां, सिलबट्टे में तैयार की गई तिल-भट-पुदीना-धनिया-लहसुन की चट्टनी, पीले कद्दू का रायता, मसाले वाली पहाड़ी छाछ तैयार की। इस दौरान पारंपरिक स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से पूरा विद्यालय परिसर महक उठा। वहीं, स्थानीय वेशभूषा और आभूषणों से सजी छात्रा मासूम नौटियाल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रधानाचार्य नरेश रावत ने छात्राओं की ओर से तैयार किया स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रशंसा की। शिक्षक सुरक्षा रावत ने जाड़ी संस्था का आभार व्यक्त करते हुए पहाड़ के मोटे अनाज से प्राप्त पोषक तत्वों के बारे में बच्चों को बताया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पहचान और विरासत को कायम रखना होगा। शिक्षिका दीपिका जैन ने स्थानीय पकवानों की उपयोगिता के साथ वोकल फाॅर लोकल अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया। गढ़भोज कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा 9 व 10 वीं की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संवाद