चिन्यालीसौड़। सोशल मीडिया में वायरल एक युवक के अपनी पत्नी के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार के वीडियो के खिलाफ आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले को लेकर जिव्या कोटधार क्षेत्र में महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने रोष जताया। उन्होंने घटना को लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर आरोपी को फांसी देने की मांग की।
बृहस्पतिवार को जिव्या कोटधार क्षेत्र में आयोजित महापंचायत में हातड़, बिष्ट व भंडारस्यूं पट्टी के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। उन्होंने मामले को लेकर जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा कि उक्त युवक ने अपनी पत्नी को एकांत में लेकर जाकर उसे बंधक बना उसके साथ मारपीट और अमानवीय कृत्य किया। यह घटना क्षेत्र की मातृशक्ति का घोर अपमान है।
कहा कि युवती को इतना मारा पीटा गया कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है। वायरल वीडियो से क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। महापंचायत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि युवती को उसके माता-पिता को सौंपा जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर युवती को न्याय दिलाया जाए। लोगों ने आरोपी युवक की शीघ्र गिरफ्तारी कर उसे शह देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। महापंचायत और प्रदर्शन में अर्जुन लाल, बृजपाल, लुदरलाल, राजकुमारी, मनवीर, आशा, अतोल सिंह, प्रियंका चौहान, बबली नौटियाल, ज्ञान सिंह, भीम, रोशन आदि रहे।