जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी नशा मुक्त उत्तरकाशी अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और मोरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जाल बिछाकर एक युवक को ढाई किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़ी गई चरस की कीमत ढाई लाख रुपये है।
एसपी मणिकांत मिश्रा ने सीमांत जनपद में नशे के काले कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नशा मुक्त उत्तरकाशी अभियान छेड़ा हुआ है। बृहस्पतिवार रात अभियान के तहत मोरी थानाध्यक्ष दीनदयाल रावत के नेतृत्व में मोरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मियागाड़ पुल के नैटवाड की तरफ जर्जर रैन बसेरे के पास से जाल बिछाकर नरेश लाल निवासी सटूड़ी मोरी को चरस के साथ पकड़ा। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष समेत एसआई भावसिंह चौहान, कांस्टेबल श्याम बाबू, शूरवीर सिंह, एसओजी कांस्टेबल विजेंद्र सिंह, काशीष भट्ट, पवन चौहान, सुनील जयाड़ा, अजय दत्त शामिल रहे। टीम की सफलता पर डीआईजी गढ़वाल करण सिंह नगन्याल ने ढाई हजार का नकद इनाम दिया है।