पहली बार चार धाम यात्रा पर पहुंचे पाकिस्तानी हिंदू तीर्थयात्रियों का बड़कोट और उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पर फूलमालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच मजबूत रिश्तों की मन्नत मांगी और श्याम स्मृति वन में पौधरोपण किया।
शदाणी दरबार रायपुर छत्तीसगढ़ से जुड़े पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित घोटकी जिले के हिंदू तीर्थयात्री आजकल चार धाम यात्रा पर निकले हैं। यमुनोत्री धाम के दर्शन कर लौटे तीर्थयात्रियों को पालिकाध्यक्ष अतोल रावत, एसडीएम राजकुमार पांडेय आदि ने ढोल नगाड़ों और रणसिंघे के साथ यात्रियों का स्वागत किया।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचने पर प्रशासन, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल आदि संगठनों ने स्वागत किया। इस मौके पर एसपी ददन पाल, एडीएम अशोक कुमार, एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, होटल एसोसिएशन के अजय पुरी, शैलेंद्र मटूड़ा, मेजर आरएस जमनाल, सुभाष बडोनी, बाल शेखर नौटियाल, राजेंद्र पंवार, तिलक सोनी, तस्दीक खान आदि मौजूद रहे।
पाकिस्तान के सभी हिंदू आना चाहते हैं यात्रा पर
चार धाम यात्रा पर पहुंचे घोटकी सिंध पाकिस्तान निवासी धर्मदास जैनी ने बताया कि 138 तीर्थयात्री यात्रा पर आए हैं। घोटकी जिले में करीब आठ हजार हिंदू परिवार रहते हैं और सभी चार धाम यात्रा पर आने की इच्छा रखते हैं। वीजा की औपचारिकताएं आसान हों तो बड़ी संख्या में यात्री यहां आना चाहते हैं।
दल में शामिल तारक चंद केशवानी, अनिल कुमार, लक्स कुमार, सुनील कुमार, दर्शन लाल, देवकी कुमारी, राजकुमारी, पूजा, खुशबू कलतारी, बरखा सैदानी, किशोर तनेजा, सागर, सतीश, प्रकाश आदि तीर्थयात्रियों ने यहां के नैसर्गिक सौंदर्य और स्थानीय लोगों के व्यवहार की सराहना की।