उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में सड़क क्षतिग्रस्त होने से कुछ इस तरह जोखिम भरी आवाजही करते ग्रामीण?
- फोटो : UTTER KASHI
मोरी ब्लॉक के गोविंद वन्यजीव विहार क्षेत्र में स्थित सांकरी-तालुका मोटर मार्ग के एक सप्ताह से बाधित होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नेशनल पार्क प्रशासन द्वारा इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से यातायात सुविधा सुचारु करवाने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद उफान में आए गाड गदेरों के कारण गोविंद वन्यजीव विहार क्षेत्र के कई पैदल रास्ते व मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। आलम यह है कि गियागाड के पास स्कबर बहने से 10 किमी लंबे सांकरी-तालुका मोटर मार्ग पर एक सप्ताह से वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी है। वहीं तालुका-ओसला-हरकीदून पैदल मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। जिस कारण ओसला, गंगाड़, पवाड़ी, ढाटमीर आदि गांवों के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोटर मार्ग बंद होने से सबसे अधिक परेशानी काश्तकारों को उठानी पड़ रही है। जो यातायात सुविधा के अभाव में अपनी तैयार फसलों को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं, मरीजों, बुजुर्गों को भी पैदल रास्तों पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है।राजपाल रावत, सुनील सिंह, शोबन रावत आदि नेे जिला प्रशासन से मामले को संज्ञान में लेकर सभी मार्गों को सुचारु करवाने की मांग की है। इस संबंध में जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।