उत्तरकाशी/पुरोला। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। पुरोला, नौगांव, बड़कोट और उत्तरकाशी में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और जनसमस्याओं का निस्तारण किया।
नौगांव में दर्ज 18 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर किया गया। वहीं नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट में प्राप्त 20 शिकायतों में से 12 और बड़कोट में 20 में से 14 शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। उधर, शुक्रवार को नगर पालिका परिषद पुरोला के सभागार में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जल संस्थान, विद्युत, उद्यान, कृषि, पर्यटन और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और मिलने वाले लाभों की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया। शिविर में नीतेश रावत, जयप्रकाश, वीरेंद्र कठैत, कान्ता पंवार, ललिता नौटियाल, शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद