उत्तरकाशी डुंडा में पुलिस कर्मियों द्वारा घायल बिहारी मजदूर को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाते उसके साथी।
- फोटो : Amar Ujala
डुंडा में रात्रि गश्त के दौरान चार पुलिस वालों ने शौच करने आए एक मजूदर की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि मजदूर के अन्य साथियों के विरोध करने पर नशे मे धुत पुलिस कर्मियों ने उनके साथ भी गाली गलौज कर मारने की धमकी दे डाली। गुस्साए मजदूरों ने रविवार को यहां पहुंचकर जिला अस्पताल में पीड़ित मजदूर का मेडिकल करवाकर थाना कोतवाली पहुंचे। साथ ही मारपीट के दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को डुंडा पुराना बाजार में चार पुलिस कर्मियों ने रात करीब डेढ़ बजे सड़क किनारे शौच करने गए बिहार निवासी अमर यादव को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। जब अमर यादव के कुछ साथियों ने मारपीट का विरोध किया तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें भी मारपीट की चेेतावनी दे डाली।
रविवार को गुस्साए मजदूरों ने अमर यादव का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया और थाना कोतवली पहुंच कर रोष जताया। उन्होंने थाने में तहरीर देकर मारपीट के दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाने पहुंचे सीओ ने पीड़ित मजदूर और उसके साथियों को घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पीड़ित अमर यादव के साथी सुरेश व विनोद ने बताया कि कमरे में शौचालय नहीं होने से वह रात में शौच के लिए हमेशा सड़क किनारे जाते हैं। रात्रि में नशे की हालात में गश्त करने आए चार पुलिस कर्मियों ने बिना पूछताछ के सीधे मारपीट कर डाली।
डुंडा में रात्रि गश्त के दौरान बिहार के एक मजदूर के साथ पुलिस कर्मियों की ओर से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- जीएस कोहली सीओ उत्तरकाशी।