उत्तरकाशी। कूड़ा डंपिंग जोन हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का धरना 25वें दिन भी जारी है। उन्होंने कहा कि धरने को 25वां दिन हो गया है लेकिन नगर पालिका उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है। स्थानीय लोगों में पालिका के खिलाफ दिन प्रतिदिन आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने जल्द ही मांगों का निस्तारण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
हनुमान चौक पर धरने में बैठे सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ को समर्थन देने विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने अपना समर्थन दिया। कहा कि गोपीनाथ के धरने को 25वां दिन हो गया है लेकिन नगर पालिका और प्रशासन की टीम उनकी सुध लेने नहीं पहुंच रही है। हालांकि इस बीच दो बार पालिका के कुछ अधिकारी धरने पर पहुंचे लेकिन प्रशासन और पालिका उनकी मांगों का कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
वहीं, गोपीनाथ ने कहा कि नगर पालिका ने सुरंग के बहार कूड़ा डंपिंग जोन बनाया है। साथ ही वह रेलिंग भी टूट रखी है जिसके चलते कूड़ा सीधा भागीरथी नदी में पड़ रहा है। साथ ही कूड़ा सड़क पर गिर रहा है जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने जल्द ही मांगों का निस्तारण न होने तक आंदोलन को जारी रखने का निर्णय लिया है। इस मौके पर भरत सिंह राणा, कृपाल सिंह पायल, संतोष सेमवाल, राम सिंह, विष्णुपाल सिंह रावत, दिनेश सेमवाल आदि मौजूद रहे। संवाद