गोविंद वन्य जीव विहार और राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र में निर्माण कार्यों में धांधली एवं अनियमितता की जन प्रतिनिधियों ने डीएम से जांच की मांग की है। जिस पर डीएम ने डीएफओ उत्तरकाशी को मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
मोरी ब्लाक के ज्येष्ठ उप प्रमुख प्रदीप रांगड़ ने डीएम को सौंपे गए पत्र में कहा कि विभाग के उप निदेशक द्वारा यहां निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं की जा रही है। बताया कि सुपिन रेंज के मनोरा कंपार्टमेंट में जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ निर्माण को उप निदेशक द्वारा मार्च में निविदाएं आमंत्रित की गई थी, जिसमें अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए निविदा क्रय कर जमा करने की अवधि केवल तीन दिन ही रखी गई। इसमें कार्य दिवस एक ही दिन था। जबकि शेष दो दिन अवकाश था। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका विरोध करने के बावजूद निविदा खोल कर उनके द्वारा कार्यादेश जारी किया गया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर अभी तक कार्य कुछ भी नही किया गया है और विभाग द्वारा मार्च में ही इसका भुगतान कर दिया गया है। संवाद