भारतीय नौसेना के पर्वतारोही दल ने गंगोत्री हिमालय क्षेत्र के माउंट सैफी पर सफलतापूर्वक आरोहण कर तिरंगा लहराया। दल में शामिल नौ सदस्यों ने चोटी पर चढ़ने में सफलता हासिल की। इस सीजन में गंगोत्री हिमालय क्षेत्र की किसी चोटी पर आरोहण करने वाला यह भारतीय सेना का पहला पर्वतारोही दल है।
बीते 14 मई को उत्तरकाशी से कमांडेंट कुलकर्णी ने फ्लैग ऑफ कर भारतीय नौ सेना के 13 सदस्यीय पर्वतारोही दल को माउंट सैफी 6170 मीटर हिम शिखर पर आरोहण के लिए रवाना किया था।
इस दल ने गोमुख तपोवन से आगे रक्तवन में बेस कैंप स्थापित किया। इससे आगे एडवांस बेस कैंप, कैंप-1 और फिर 5800 मीटर ऊंचाई पर समिट कैंप स्थापित कर 29 मई की सुबह शिखर पर चढ़कर तिरंगा लहराया।
सफल आरोहण के बाद मंगलवार रात उत्तरकाशी लौटे दल के लीडर कमांडेंट विष्णु प्रसाद ने पत्रकार वार्ता में बताया कि उनके साथ दल में शामिल पर्वतारोही आईबी उदय, विनीत, योगेश तिवारी, मनोज वत्स, राकेश कुमार, वैद्यनाथ साहनी, महेश कुमार एवं विजय कुमार तथा माउंट सपोर्ट एजेंसी के गाइड ग्यालबू शेरपा और हाई एल्टीट्यूट पोर्टर प्रदीप राणा, कपिल पंवार, नवीन पंवार, श्रवण कुमार एवं सुरेश ने समिट किया।
माउंट सपोर्ट एजेंसी के जयेंद्र राणा ने बताया कि सीजन में गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में सफल आरोहण करने वाला यह भारतीय सेना का पहला अभियान दल है।