यमुनोत्री हाईवे पर दूर संचार कार्यालय के समीप अचानक लगी आग से लकड़ी के दो मकान, दो कार और एक बाइक राख हो गई। आग की लपटों से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के गोदाम में रखा करीब 25 क्विंटल चावल भी खराब हो गया। राजस्व विभाग की टीम ने 25 लाख के नुकसान का आंकलन किया है।
घटना रविवार रात करीब दस बजे की है। फायर सर्विस की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटों से संचार कार्यालय की केबल यूजी 2 भी जल गई, जिससे दर्जनों बेस फोन ठप हो गए। बीएसएनएल के कर्मचारियों ने रात को घटना स्थल पर पहुंच कर कई उपकरणों को आग से बचाया। वहीं सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के बगल में मिट्टी तेल के स्टोर में तेल के 11 ड्रम भरे थे, जो आग की चपेट में आ गए थे।
ड्रम एक-एक कर फटने शुरू हुए, तो घटना स्थल से पांच किमी दूर स्थित लोग भी आवाज और आसमान छूती आग की लपटों के डर से घरों से बाहर निकल आए। आगजनी की घटना से उपेंद्र सिंह राणा पुत्र लुदर सिंह मुराड़ी गांव, प्रेम बल्लभ पुत्र बुद्धि राम कोटियाल गांव के लकड़ी के खाली मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गए, जबकि नयन सिंह बर्त्वाल और शशि मोहन राणा के मकान को आंशिक क्षति पहुंची है।
यहां रह रहे किराएदारों को रात को ही स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। रात को घटना स्थल पर पहुंचे राजस्व उप निरीक्षक रविंद्र असवाल ने आगजनी की घटना से 25 लाख के नुकसान होने की पुष्टि की है। घटना स्थल पर पहुंचे एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि घटना दैवी आपदा के मानकों में नहीं आती है, फिर भी उच्चाधिकारीयों को रिपोर्ट भेज कर प्रभावितों को मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी।