होमगार्ड कमांडेंट ने जवानों को दिए निर्देश
चिन्यालीसौड़। तहसील मुख्यालय में होमगार्ड जवानों की बैठक हुई, जिसमें होमगार्ड कमांडेंट विजयपाल ने सभी जवानों को चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को हरसंभव मदद और अतिथियों जैसे व्यवहार करने के निर्देश दिए।
पीपलमंडी में आयोजित बैठक में होमगार्ड कमांडेंट विजयपाल ने चारधाम यात्रा को देखते हुए होमगार्ड जवानों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हालांकि होमगार्ड के सभी जवान अभी तक बेहतर सुरक्षा और सेवा के साथ अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। आने वाले दिनों में चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी। ऐसे में जवानों को उच्च अधिकारियों के यात्रा के दौरान दिए गए निर्देशों का हर हाल में पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले बुजुर्ग और महिला यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा करना हमारा कर्तव्य है। किसी भी असुविधा के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित करें। ड्यूटी के दौरान कोई भी जवान फोन पर अनावश्यक रूप से टाइम पास नहीं करेगा। यदि इसकी शिकायत मिली, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान कमांडेंट ने जवानों की समस्या भी सुनीं। साथ ही समस्याओं के निस्तारण के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता करने की बात कही। इस मौके पर मौके पर होमगार्ड के एसआई तरुण कुमार मेहरा, पीसी बिजू लाल, सच्चिदानंद, शिव सिंह, लाखीराम, रमेश भट्ट, मंगशीर सिंह आदि मौजूद रहे।