भटवाड़ी ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी स्तर पर हुई अतिथि शिक्षक चयन प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी की शिकायत पर डीएम विनय शंकर पांडे द्वारा एडीएम से कराई जांच आने के बाद बाहर हुए अतिथि शिक्षकों ने पुन: नियुक्ति की मांग पर शुक्रवार से कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
नियुक्ति रद होने वाले अतिथि शिक्षकों ने सीईओ लीलाधर व्यास के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। उन्होंने शिक्षा विभाग पर जांच के बाद भी मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभाग ने चयन प्रक्रिया में आवेदन की विज्ञप्ति जारी होने के बाद टीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवक्ता व एलटी में नियुक्ति देकर मानकों की अनदेखी की है। उन्होंने 89 दिन की सेवा देने वाले बाहर हुए अतिथि शिक्षकों को पुन: नियुक्ति देने की मांग की है। साथ ही गलत फार्म व दो आवेदन के लिए एक ही फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों को नहीं हटाये जाने पर उग्र आंदोलन करने और धरना जारी रखने की चेतावनी दी।
इस मौके पर भाकपा के महावीर प्रसाद भट्ट, आशीष चौहान, आलोक कंसवाल, मनीष सेमवाल, मीनाक्षी बागड़ी, संजीव, प्रमोद, मनीषा पंवार, ज्योति भट्ट, वसुंधरा, प्रणव नौटियाल, महेश उनियाल, रीना, सविता, चंदन कुमार आदि धरना स्थल पर मौजूद थे।