विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से आयोजित होने वाले सैनिक दीपावली मेले का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन मेले में देव डोलियों का स्वागत व पूजा-अर्चना की गई। मेला 1 नवंबर तक आयोजित होगा।
मंगलवार को रामलीला मैदान में मेलेे का शुुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी मणिकांत मिश्रा व आप पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल ने किया। मेले में विभिन्न विभागों के स्टालों के साथ खेल तमाशे भी लगाए गए हैं। विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति के संरक्षक सेवानिवृत्त मेजर आरएस जमनाल ने कहा कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा लक्की ड्रॉ भी निकाले जाएंगे। लक्की ड्रॉ के प्रथम विजेता को कार, द्वितीय विजेता को तीन तोला सोना, तृतीय विजेता को दो तोला सोना, चतुर्थ विजेता को एक किलो चांदी व पंचम विजेता को स्कूटी पुरस्कार में दी जाएगी। लॉटरी टिकट का शुल्क 200 रुपये रखा गया है। 23 अक्तूबर को आयोजित रन फॉर आर्मी के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
मेले के पहले दिन वरिष्ठ नागरिक सम्मानित
मेले के शुभारंभ पर समिति ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। सम्मानित किए जाने वालों में हरि सिंह राणा, जयेंद्र पुरी, उमेश बहुगुणा, नागेंद्र दत्त थपलियाल, सुधा गुप्ता, रुकुम सिंह पंवार, चंद्रप्रभा एतवाल, हर्षा रावत, राधेश्याम खंडूड़ी, कोतवाल चंद रमोला, प्रताप पोखरियाल आदि शामिल थे।