नौगांव के गैर मुंगरसंती गांव में सड़क निर्माण से इस तरह क्षतिग्रस्त हुआ आवासीय भवन का आंगन चौक।
- फोटो : UTTER KASHI
ब्लॉक नौगांव के गैर मुंगरसंती गांव के लिए बनाई जा रही सड़क कटिंग से चार मकान खतरे की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। वहीं संबंधित कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि साइड इंजीनियर को सुरक्षात्मक कार्य करने के लिए कहा गया है। एक सप्ताह में भू धंसाव वाले स्थान पर दीवार लगा दी जाएगी।
ब्रिडकुल की ओर से गैर मुंगरसंती गांव के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क कटान से सुंदर सिंह, धर्म सिंह और खजान सिंह के मकानों भवनों में दरारें आ गई हैं, जबकि इन मकानों के आंगन टूट चुके हैं। लगातार हो रही बारिश से आवासीय भवनों के धंसने का भय बना हुआ है। ग्राम प्रधान अनीता देवी ने गांव के नीचे शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य करवाने की मांग की। संवाद