वन विभाग का डोडीताल गेस्ट हाउस आग में जल गया। इस संबंध में वन विभाग ने कोतवाली मनेरी में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं वन विभाग ने घटना स्थल के लिए टीम भी रवाना कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल का निरीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन स्थल डोडीताल में वन विभाग का गेस्ट हाउस है। बताया जा रहा है कि उक्त गेस्ट हाउस में दो दिन पूर्व आग लग गई थी, जिसमें गेस्ट हाउस पूरा जल गया। बताया जा रहा है कि यहां कुछ दिन पूर्व साधु ठहरे हुए थे, जिन्होंने रात में ठंड से बचने के लिए आग जलाई थी। उसी आग की चपेट में आने से गेस्ट हाउस जल गया। डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि गेस्ट हाउस जलने के संबंध में मनेरी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना स्थल के लिए वन विभाग की टीम भी रवाना की गई है, लेकिन उक्त क्षेत्र में नेट कनेक्टिविटी न होने से टीम से संपर्क नहीं हो पाया है। वहीं मनेरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक खजान सिंह ने बताया कि घटना स्थल के निरीक्षण के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।