महीनों से सूखे पड़े हैं नल, अधिकारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में
पुरोला। मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत घरों तक नल कनेक्शन तो पहुंचा दिए गए लेकिन पिछले कई महीनों से पानी की आपूर्ति ठप है। उनका कहना है कि अग्निकांड के दौरान नलों में पानी उपलब्ध होता तो आग बुझाने के शुरुआती प्रयासों में मदद मिल सकती थी और नुकसान कम किया जा सकता था।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि पेयजल लाइन बिछाने के साथ अधिकांश घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं लेकिन लंबे समय से पानी नहीं आ रहा है। अग्निकांड के दौरान ग्रामीणों को आग बुझाने के लिए पानी की तलाश में भटकना पड़ा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से आग तेजी से फैलती चली गई और कई मकान इसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संस्थान से गांव में नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि पेयजल व्यवस्था आपदा के समय भी बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं, सहायक अभियंता जल निगम टीएस भंडारी ने बताया कि संबंधित पेयजल योजना पहले ही ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की जा चुकी है। अब इसके संचालन, रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पंचायत को कुछ पीवीसी पाइप भी उपलब्ध कराए गए थे। संवाद