जनपद में पीएमजीएसवाई की सड़कों के प्रतिकर के लिए जिला प्रशासन को करीब साढ़े तीन करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है, जिससे अब जल्द ही काश्तकारों को उनकी भूमि का मुआवजा मिल जाएगा। डीएम मयूर दीक्षित ने पीएमजीएसवाई के ईई को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मोटर मार्गों के एलाइनमेंट में आ रही निजी एवं शासकीय परिसंपत्तियों का जल्द प्रतिकर का भुगतान किया जाएगा। डीएम ने बताया कि भुगतान के लिए शासन से 3 करोड़ 50 लाख 56 हजार की धनराशि प्राप्त हुई है। ईई पीएमजीएसवाई को मुआवजा धनराशि के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ईई आशीष भट्ट ने बताया कि जनपद में करीब 400 काश्तकारों को प्रतिकर भुगतान होना है। इसके अलावा 10 सरकारी संपत्तियों का भी प्रतिकर दिया जाना है।