जिला सभागार में आहूत जिला योजना की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
जिला सभागार में आहूत जिला योजना की बैठक में सदस्यों ने वचनबद्ध योजनाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिससे प्रभारी मंत्री के मौजूद होने के बाद भी योजनाओं का अनुमोदन नहीं हो पाया। सदस्यों को विरोध के चलते प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को अन्य जिलों की भांति जिला योजना के बजट को अनुमोदित करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को जिला योजना की बैठक प्रभारी मंत्री प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में आहूत डीपीसी बैठक में 65 करोड़ की योजनाओं का अनुमोदन किया जाना था। बैठक में प्लान के अनुसार सभी डीपीसी सदस्यों ने अपनी योजनाओं को प्रस्तुत किया, लेकिन 19.66 करोड़ की वचनबद्ध योजनाओं पर सदस्यों ने हंगामा किया।
डीपीसी सदस्य कुलदीप बिष्ट, दीपक बिजल्वाण, सुदर्शन रावत आदि सदस्यों ने आरोप लगाया कि वचनबद्ध धनराशि अवमुक्त होने के बाद भी इसमें अनियमितताएं बरती जा रही है, जिस पर सदस्यों ने योजनाओं पर अनुमोदन पर धांधली का आरोप लगाते हुए हस्ताक्षर करने से मना कर दिया।
वहीं बैठक में प्रभारी मंत्री प्रीतम सिंह ने जल संस्थान के ईई को सदन में योजनाओं की गलत जानकारी देने पर फटकार लगाई। बैठक में पुरोला विधायक मालचंद, जिलापंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, पालिका अध्यक्ष जयेन्द्री राणा, आईएएस निकिता खंडेलवाल, सीडीओ उदय सिंह राणा, डीएफओ संदीप कुमार आदि मौजूद थे।