राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में विभिन्न जनपदों से आए 16 बाल वैज्ञानिकों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ। कीर्ति इंटर कालेज में आयोजित 24वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्य स्तरीय आयोजन में सीनियर एवं जूनियर वर्ग से पिथौरागढ, देहरादून, नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर के बाल वैज्ञानिकों का दबदबा रहा।
राजकीय कीर्ति इंटर कालेज में आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय संधारणीय विकास को विज्ञान प्रौद्योगिकी और नवाचार था। आयोजन में प्रदेश के 137 बाल वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक संसाधन, ऊर्जा, आपदा प्रबंधन, परंपरागत ज्ञान तंत्र, जीवन पद्धति एवं जीवन शैली, स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समेत अनेक उप विषयों पर अपने शोध प्रस्तुत किए।
बुधवार को बाल विज्ञान कांग्रेस के समापन मौके पर सीनियर वर्ग में अंकित कुकसाल देहरादून, राहुल बिष्ट नैनीताल, संतोष पंवार रुद्रप्रयाग, सुंदर सिंह पिथौरागढ़, मोनिका चौहान उत्तरकाशी, दीक्षा चंद पिथौरागढ़, विजय कुमार पाठक अल्मोड़ा, अंजली उनियाल टिहरी, प्रीति जनपद चमोली का चयन हुआ, जबकि जूनियर वर्ग में रोहित जोशी चंपावत, स्मृति पांडे नैनीताल, चंचल चंद ऊधम सिंह नगर, पार्थ जोशी अल्मोड़ा, देवाशीष उप्रेती ऊधम सिंह नगर, वैभव बिष्ट देहरादून एवं कविता पंवार पौड़ी का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ।
इस मौके पर वैज्ञानिक कथाकार देवेंद्र मेवाड़ी, अशोक कुमार पंत, केके पंत, डा. कमला पंत, डा. निर्मल रावत, डा. एनएस भंडारी, डा. एसएस मेहरा, सीएल शाह, शंभू प्रसाद नौटियाल, विजयलक्ष्मी रावत, चंद्रभूषण बिजल्वाण आदि मौजूद रहे।