तस्करों की धरपकड़ के दौरान एसटीएफ के जवान की मौत के मामले में गिरफ्तार सुंदर सिंह बिष्ट की निशानदेही पर पुलिस ने एसटीएफ की गायब हुई पिस्टल भी बरामद कर ली है। घटना में शामिल तीन अन्य नामजद लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ददन पाल ने बताया कि मुख्य आरोपी सुंदर सिंह बिष्ट की निशानदेही पर पुलिस ने दिखोली बैंड के पास झाड़ियों से 9 एमएम पिस्टल मय मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस के साथ बरामद कर ली है। एसटीएफ की टीम के अनुसार यह पिस्टल सुंदर सिंह ने उनसे लूटी और इससे फायर कर एसटीएफ के जवान की हत्या की।
पिस्टल की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 411 भी दर्ज कर ली है। एसपी ने बताया कि घटना में नामजद लाखी सिंह चौहान व धनपाल चौहान दोनों निवासी चौंदियाट गांव और हुकम सिंह भंडारी निवासी सौड़ को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य एक आरोपी की तलाश में क्षेत्र में दबिश जारी है।
पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी सुंदर सिंह बिष्ट को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में नई टिहरी जेल भेजने के आदेश हुए। सोमवार सुबह उसे नई टिहरी जेल भेजा जाएगा। समाचार लिखे जाने तक एसपी के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में गाजणा क्षेत्र में जगह-जगह दबिश दे रही हैं।