पुरोला (उत्तरकाशी)। किशोरी को बहला फुसला कर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी महिला और युवक को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायाधीश के समक्ष दर्ज किशोरी के बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी महिला एवं युवक को न्यायालय में पेश कर नई टिहरी जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट का कहना है कि मामले में एक माह के भीतर विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।
बीते तीन जनवरी को लापता हुई किशोरी 23 दिन बाद मेरठ उत्तर प्रदेश के नारी निकेतन से बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायाधीश के समक्ष पीड़िता के बयान और मेडिकल के आधार पर आरोपी महिला व युवक कैराना यूपी निवासी सरबर के खिलाफ भादंसं की धारा 363, 376, 366ए, 120बी तथा 3/4 एवं 16/17 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी महिला को पुलिस ने मंगलवार को ही हिरासत में ले लिया था, जबकि पुलिस की दूसरी टीम ने आरोपी युवक सरबर को भी नौगांव चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में नई टिहरी जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए एक हजार पारितोषिक की घोषणा की। टीम में थानाध्यक्ष मोरी दीप कुमार, एसआई नवीन कुमार, कांस्टेबल ओसाफ खान, प्रदीप, श्याम बाबू, सुनील जयाड़ा, वर्षा एवं बबीता शामिल थे।