उत्तरकाशी जिले में कोरोना महामारी ने फिर दस्तक दी है। चार दिन के अंदर कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर महामारी की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने पर चर्चा की है।
जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में संक्रमितों को भर्ती कराया गया है। अब तक कोरोना मुक्त जिले में महामारी के फिर बढ़ने पर बृहस्पतिवार को डीएम मयूर दीक्षित ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें महामारी की रोकथाम को प्रधानमंत्री की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने पर चर्चा की गई। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डा.विपुल बिस्वास ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि महामारी की रोकथाम के लिए प्रतिदिन होने वाली कोरोना जांच को 250 से बढ़ाकर 300 करने का निर्णय लिया गया है। बताया कि भटवाड़ी क्षेत्र में जो मामला सामने आया है, वह कहीं बाहर से नहीं आया। संक्रमितों की संपर्क सूची खंगाली जा रही है। सभी परिजनों के साथ जरूरत पड़ने पर निकट के गांव के सभी व्यक्तियों की कोरोना जांच करवाई जाएगी। बताया कि जिले की प्रवेश सीमा पर चिन्यालीसौड़ में अभी टेस्टिंग नहीं की जा रही है, लेकिन महामारी बढ़ी तो दोबारा बाहरी क्षेत्रों से आने वालों की जांच की जाएगी।