प्रतिकर नहीं मिलने पर सड़क का काम बंद कराकर धरना प्रदर्शन करते ज्ञाणजा एवं साल्ड के ग्रामीण।
- फोटो : UTTER KASHI
निर्माणाधीन ज्ञानसू-साल्ड-ज्ञाणजा मोटर मार्ग में कटी जमीनों का प्रतिकर नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सड़क का निर्माण कार्य बंद कराकर धरना आंदोलन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रतिकर भुगतान न होने तक सड़क का काम शुरू नहीं होने देने की चेतावनी दी है।
ज्ञाणजा के प्रधान ममलेश भट्ट ने बताया कि गांव को सड़क से जोड़ने के लिए सात वर्ष पूर्व ज्ञानसू-साल्ड मोटर मार्ग से ज्ञाणजा के लिए सड़क स्वीकृत हुई थी। पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क कटिंग के दौरान साल्ड और ज्ञाणजा गांव के ग्रामीणों की खेती की जमीन कटी थी। द्वितीय चरण में एडीबी द्वारा सड़क पर कार्य कराया गया और अब यह फिर पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित कर कार्य कराया जा रहा है, लेकिन सात साल बाद भी ग्रामीणों को उनकी जमीनों का प्रतिकर नहीं दिया गया है। बृहस्पतिवार को गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण कार्य बंद कराकर धरना आंदोलन शुरू कर दिया। इस मौके पर साल्ड की प्रधान संजू नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य तनुजा नेगी, मनोज नेगी, महेश्वर प्रसाद, आनंदमणि सेमवाल, लक्ष्मण सिंह महर, शेषनाग ठाकुर, सूर्य वल्लभ नौटियाल आदि मौजूद रहे।