अधिशासी अभियंता के स्थानांतरण की मांग को लेकर जुलूस निकालते लोनिवि के ठेकेदार।
- फोटो : UTTER KASHI
लोनिवि के नवनियुक्त अधिशासी अभियंता के स्थानांतरण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग बड़कोट में पंजीकृत ठेकेदारों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालय में तालाबंदी कर ढोल-नगाड़ों के साथ नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
सोमवार को बड़ी संख्या में ठेकेदार लोनिवि कार्यालय में एकत्रित हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ तहसील परिषद तक जुलूस निकाला। ठेकेदारों का कहना है कि अधिशासी अभियंता द्वारा ठेकेदारों के साथ अभद्रता की गई और मनमाने नियम थोपे जा रहे हैं। ठेकेदारों ने कहा कि जब तक अधिशासी अभियंता का स्थानांतरण नहीं किया जाता तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। इधर अधिशासी अभियंता मूलचंद गुप्ता का कहना है कि वह नियमों में रहकर सरकारी कामकाज करेंगे। किसी के अनावश्यक दबाव में काम नहीं करेंगे। प्रदर्शन में ठेकेदार संघ के अध्यक्ष दीवान सिंह असवाल, चंद्रमोहन बडोनी, सरदार सिंह रावत, अवतार सिंह रावत, श्यामलाल गौड़, कुशलनंद नौटियाल, वासुदेव डिमरी, नवीन प्रकाश बहुगुणा, किशन सिंह चौहान, मनमोहन सिंह, विनोद राणा आदि शामिल रहे।