उत्तरकाशी। गांधी वाचनालय में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में राहुल गांधी के आगामी उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश के युवाओं, सैनिकों और आम जनता के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का कार्य करेगा। राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में विशाल जनसभा के साथ पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। इसके बाद 5 जून को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों व नेताओं के साथ बैठक करेंगे। वहीं, बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर राहुल गांधी का भव्य स्वागत करेंगे। इस मौके पर विजेंद्र नौटियाल, शीशपाल पोखरियाल, मनीष राणा, बिपिन नौटियाल, मनीष पंवार, मनोज पंवार, सुधीश पंवार, नवीन भंडारी आदि मौजूद रहे। संवाद
.............................................................
गंगोत्री धाम में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ
उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम स्थित मौनी बाबा आश्रम में श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया। यह धार्मिक आयोजन स्व. त्रिलोक सिंह ठगुराठी, स्व. हेमंद्र सिंह और समस्त पितरों की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। कथा के शुभारंभ अवसर पर गंगोत्री धाम में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक गढ़वाली बैंड की मधुर धुनों के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं व श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कथा के पहले दिन कथा वाचक सुरेश शास्त्री महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति व सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस मौके पर कमलेश ठगुराठी, राजेंद्र सिंह ठगुराठी, सरस्वती ठगुराठी, ललित सिंह ठगुराठी, ज्योति ठगुराठी आदि मौजूद रहे। संवाद
.......................................................
एनडीआरएफ के जवानों ने दी आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
उत्तरकाशी। एनडीआरएफ की 15वीं वाहिनी मनेरा ने नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ में आपदा जन-जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में एनडीआरएफ टीम के टीम कमांडर उप निरीक्षक अरुण कुमार व आपदा प्रबंधन मास्टर ट्रेनर मस्तान भंडारी के नेतृत्व में नगर पालिका के 28 कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से बचाव, खोज व राहत कार्यों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, सीपीआर, सेटेलाइट फोन संचालन, स्ट्रेचर निर्माण और बचाव उपकरणों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, अधिशासी अधिकारी कुसुम राणा, शालिन भरोटियाल आदि मौजूद रहे। संवाद
................................................
नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर हो सख्त कार्रवाई: डीएम
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक में अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने खराब स्थिति वाले बाहरी वाहनों की जांच और जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से चेक करने को कहा। डीएम ने पुलिस और एआरटीओ को वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच और व्यापक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को रोड सेफ्टी ऑडिट जल्द पूरा करने और दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधारीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता विजय कुमार, ईई रजनीश सैनी, एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल, सीओ जनक पंवार आदि मौजूद रहे। संवाद