गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट बंद होने से पहले स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पार्क प्रशासन ने पहली बार गढ़वाल हिमालय टूर एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के साथ मिलकर यह अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
बुधवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) में वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक आरएन पांडेय ने कहा कि पार्क की ओर से प्रतिवर्ष एक अप्रैल से 30 नवंबर तक चलने वाले सीजन के बाद गेट बंद करने से पूर्व स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। इस वर्ष यह अभियान पार्क क्षेत्र पर निर्भर टूर एंड माउंटेनियरिंग गतिविधियों से जुड़े लोगों के साथ मिलकर चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में ही मौजूद एसोसिएशन के पदाधिकारियों के समक्ष यह प्रस्ताव रखा। एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा ने पार्क प्रशासन के प्रस्ताव पर पूरा सहयोग करने की बात कही। उन्होंने बाहरी टूर एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन से जुड़े लोगों को सिंगल विंडो सिस्टम में शामिल करने पर ऐतराज जताया। कहा कि बाहरी टूर एंड माउंटेनियरिंग एजेंसियां ही सबसे ज्यादा कचरा फैलाती हैं। पार्क के उपनिदेशक पांडेय ने कहा कि इस वर्ष चलने वाले स्वच्छता अभियान में एसडीआरएफ के जवानों के साथ अन्य स्वयं सहायता समूहों के लोगों को भी शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पार्क क्षेत्र में आने वाले भोजवासा, तपोवन, रक्तवन, कालिंदीखाल ट्रेक आदि के शिविर स्थलों पर यदि कुछ कचरा हो, तो उसे समय रहते एकत्रित कर निस्तारित किया जा सके। वन क्षेत्राधिकारी नेशनल पार्क प्रताप पंवार ने बताया कि 20 से 30 नवंबर के मध्य अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर सिक्योर हिमालय परियोजना सहायक उम्मेद धाकड़ आदि मौजूद रहे।