बड़कोट। यमुनोत्री हाईवे पर नासूर बना छटांगाधार डेंजर जोन महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षा में भी अड़ंगा डाल सकता है। इस हिस्से में कभी भी हाईवे अवरुद्ध होने के साथ ही हादसों की आशंका बनी हुई है।
यमुनोत्री हाईवे पर छटांगाधार वाला हिस्सा लंबे समय से डेंजर जोन बना हुआ है। आजकल ऑल वेदर रोड के तहत इस हिस्से में सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। यहां प्राकृतिक जल स्रोत के पानी की निकासी नहीं किए जाने के कारण सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। राजकीय महाविद्यालय बड़कोट के छात्र-छात्राओं ने बताया कि टटाऊ स्थित राजकीय महाविद्यालय में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राएं बड़कोट एवं नौगांव से छटांगाधार होते हुए ही आवाजाही करते हैं। आगामी 14 सितंबर से महाविद्यालय में वार्षिक परीक्षा शुरू हो रही है। प्राचार्य डा. डीएस मेहरा ने इस स्थिति को स्वीकारते हुए एनएच के अधिकारियों से परीक्षा से पूर्व छटांगाधार में सड़क दुरुस्त कराने को कहा है।