प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी बादल छाए रह सकते हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। वहीं, अन्य इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं चारधाम यात्रा मार्ग सुचारू है। यमुनोत्री पैदल मार्ग अभी बंद है। वैकल्पिक मार्ग बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बदरीनाथ हाईवे पर बिरही में पहाड़ी से रुक रुक कर भूस्खलन हो रहा है। जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थान पर एनडीआरएफ की टीम तैनात है। शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम द्वारा कुछ लोगों को रेस्क्यू कर निकाला गया।
Weather Today: भूस्खलन से यमुनोत्री पैदल मार्ग का 40 मीटर हिस्सा ध्वस्त, यात्रा रोकी, तस्वीरें...
भूस्खलन से यमुनोत्री पैदल मार्ग का 40 मीटर हिस्सा ध्वस्त, यात्रा रोकी
भिंडियालीगाड़ गदेरे के पास हुए भारी भूस्खलन से जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग का 40 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया। भूस्खलन से पैदल मार्ग पर बना गार्डर पुल, रेलिंग एवं शेड के साथ ही नीलगिरी महाराज की कुटिया ध्वस्त हो गई। कुटिया में रह रहे साधु ने किसी तरह जान बचाई।
मार्ग बंद होने से यमुनोत्री धाम की यात्रा रोक दी गई है। भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व एवं लोनिवि की टीमें मौके पर पहुंची। भूस्खलन के ऊपरी हिस्से वाले जंगल में रस्सियों की मदद से यमुनोत्री की ओर फंसे हैदराबाद, मुंबई, उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि स्थानों के तीर्थ यात्रियों को निकाला जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हिस्से में अभी आवाजाही सामान्य होने में समय लगेगा। इसे देखते हुए यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों को स्यानाचट्टी बैरियर पर ही रोक दिया गया है।