उत्तरकाशी पहुंचे मुख्य सचिव एसएस संधू को प्रतीक चिन्ह् देते डीएम मयूर दीक्षित।
- फोटो : UTTER KASHI
पर्यटन गतिविधियों का जायजा लेने पहुंचे प्रदेश के मुख्य सचिव (सीएस) एसएस संधू से बीआरओ की शिकायत हुई है। डीएम मयूर दीक्षित ने बीआरओ की शिकायत करते हुए कहा कि गंगोत्री हाईवे पर बीआरओ धीमी गति से कार्य कर रहा है। साथ ही सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहा है, जिसकी सुनवाई और क्षतिपूर्ति नहीं की जा रही है।
शनिवार सुबह उत्तरकाशी पहुंचे मुख्य सचिव एसएस संधू ने पर्यटन ग्राम रैथल व हर्षिल पहुंचकर पर्यटन गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विकास योजनाओं की प्रगति के साथ चारधाम यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। जब मुख्य सचिव ने गंगोत्री हाईवे पर चारधाम सड़क परियोजना सहित अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली, तो डीएम ने बीआरओ के धीमी गति निर्माण की शिकायत की। डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इस दौरान मुख्य सचिव ने ग्राम रैथल स्थित ऐतिहासिक पंचपुरा भवन, मां जगदम्बा, ग्रोथ सेंटर व होम स्टे का निरीक्षण किया। इससे पूर्व ग्रामीणों ने भी मुख्य सचिव को स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। इस मौके पर सीडीओ गौरव कुमार, एसपी प्रदीप राय, एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम मीनाक्षी पटवाल, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, ग्राम प्रधान रैथल सुशीला राणा आदि रहे।