प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बगोरी हेलिपैड को सड़क से जोड़ने के लिए 400 मीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही हर्षिल हेलिपैड को जोड़ने वाली गंगोत्री हाईवे पर बीआरओ की ओर से डामरीकरण किया जा रहा है। डीएम ने जल्द ही इन कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियों का डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट और एसपी सरिता डोबाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हर्षिल में उद्यान विभाग के परिसर में समतलीकरण व सौंदर्यीकरण सहित अनेक स्थानों पर पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
वहीं मुखबा में मंदिर के लिए पैदल मार्ग के सुधार, सीढि़यों के निर्माण के साथ ही पार्किंग का भी निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही सोलर हाईमास्ट लाइट्स एवं स्ट्रीट लाइट्स स्थापित की जा रही है। इस दौरान डीएम ने हर्षिल-बगोरी में बनाई जा रही वीआईपी पार्किंग में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था रखने को कहा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: प्रदेश के बहादुर बच्चों को राज्य स्तर पर मिलेगा वीरता पुरस्कार, राज्यपाल की मंजूरी का इंतजार
वहीं कार्यक्रम स्थल पर मीडिया सेंटर, प्रदर्शनी, माउंटेन बाइक व एटीआर रैली तथा ट्रैकिंग अभियान के फ्लैंग ऑफ जैसी गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान और सभी व्यवस्थाओं को जल्द तैयार करने को कहा। साथ ही कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मचारियों के साथ कूड़ा वाहन और कूड़ादान जल्द लगवाए जाएं। वहीं उन्होंने सुरक्षा को लेकर एसपी सहित सेना के अधिकारियों के साथ चर्चा की।