गंगोत्री धाम और सीमावर्ती चौकियों तक सुगम आवाजाही के लिए बन रही ऑल वेदर रोड की चौड़ाई कम किए जाने से गुस्साए भटवाड़ी प्रखंड के पंचायत प्रतिनिधियों ने सोमवार को भटवाड़ी में धरना प्रदर्शन कर तथाकथित पर्यावरणविदों का पुतला फूंका। उन्होंने 17 सितंबर को भटवाड़ी में अर्द्धनग्न प्रदर्शन करने का एलान किया। कल (आज) उत्तरकाशी मुख्यालय पर होटल एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल ने इसी मुद्दे को लेकर जनसभा बुलाई है।
ऑल वेदर रोड की चौड़ाई कम कर महज साढ़े पांच मीटर किए जाने से लोगों को आक्रोश है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भटवाड़ी में एकत्र हुए। यहां पर्यावरण की आड़ में क्षेत्र का विकास बाधित कर रहे लोगों के विरोध में जुलूस प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही उनका पुतला फूंक कर रोष जताया गया।
भटवाड़ी पुल पर धरना प्रदर्शन के दौरान प्रधानों ने कहा कि ऑल वेदर रोड न सिर्फ गंगोत्री धाम की यात्रा और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बन रही है, बल्कि इससे चीन सीमा की चौकसी में लगी सेना को भी काफी मदद मिलेगी। लेकिन विदेशी फंडिंग पर पलने वाले तथाकथित पर्यावरणविद् इस कार्य को रोकने की साजिश कर रहे हैं। यह लोग पर्यावरणीय कानूनों की आड़ में इस सीमावर्ती क्षेत्र का विकास बाधित कर पलायन को बढ़ावा देना चाहते हैं, जो देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा। सरकार को ऐसे लोगों की उच्च स्तरीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने 17 तारीख को भटवाड़ी में अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। इस मौके प्रधान संगठन के प्रांतीय महामंत्री प्रताप रावत, घनानंद नौटियाल, मनोज रावत, सुनील रौतेला, सुदर्शन चौहान, महेंद्र पोखरियाल, अवतार नेगी, मनोजेंद्र रावत, राजकेंद्र, श्यामा देवी, दिलमा देवी, धर्मेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।