हर्षिल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने किया रेफर
उत्तरकाशी। हर्षिल में सेब के बगीचों में काम कर रहे नेपाल मूल के एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को प्राथमिक उपचार के लिए हर्षिल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। भालू के हमले से हर्षिल सहित आसपास गांव में दहशत है।
सीमांत विकासखंड भटवाड़ी के विभिन्न गांवों में भालू की दहशत बनी हुई। शनिवार को हर्षिल में हरि बहादुर सेब के बगीचे में काम रहा था। तभी घात लगाए भालू ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। भालू के हमले में हरि बहादुर के चेहरे और शरीर पर गहरे घाव आए हैं। गंगोत्री रेंज के वनकर्मियों ने घायल हरि का प्राथमिक उपचार हर्षिल में कराया।
चिकित्सकों ने हरि बहादुर को जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी रेफर किया। फिलहाल घायल हरि का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। सीमांत विकास खंड भटवाड़ी के विभिन्न गांवों में भालू की घटनाएं बढ़ती जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी यशवंत चौहान ने बताया कि हर्षिल में सेब के बगीचे में काम कर रहे हरि बहादुर पर भालू ने हमला किया है। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।