गमरी पट्टी क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी दस सूत्री मांगों को लेकर सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। इस दौरान ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। साथ ही जल्द मांगों का निस्तारण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को पीपलखंडा के निकट स्थित यात्री प्रतीक्षालय में गमरी पट्टी क्षेत्र के ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन शुरू किया। इसके तहत क्रमिक अनशन पर बैठे शेर सिंह राणा के समर्थन में दर्जनों ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। साथ ही क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का समाधान नहीं करने पर शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने धरासू बैंड से उलण तक तथा अदनी-रौंतल मोटर मार्ग पर कटिंग कार्य प्रारंभ कराने तथा पीपलखंडा से कोटगैरी-रौंतल, बगियाल गांव धनारी से उलण और सिंगुणी धनारी से मरगांव-गमरी मोटर मार्ग को जोड़ने की मांग की। साथ ही मरगांव-चमियारी-उलण मोटर मार्ग निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नालियों, सुरक्षा दीवार एवं सिंचाई नहरों की मरम्मत कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त चमियारी इंटर कॉलेज की भूमि हस्तांतरण कराने, गमरी में पेयजल स्रोत व लाइन का पुनर्निर्माण कराने, पशु चिकित्सालय व आयुर्वेदिक चिकित्सालय निर्माण के लिए धन स्वीकृत कर टेंडर निकालने व धरासू बैंड से सेमनागराज मंदिर तक के पैदल मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में शिवशंकर पैन्यूली, हुकम सिंह, विरेंद्र सिंह, नरेश मिश्रा, रामव्यास मिश्रा, जयप्रकाश मिश्रा, नारायण सिंह, रणवीर चौहान, रमेश मुरारी, शिव सिंह राणा, अंबिका प्रसाद, लीलानंद बिजल्वाण आदि शामिल रहे।