उत्तरकाशी। संवेदना समूह समेत विभिन्न संगठनों ने सैंज कुमाल्टी स्थित पायलट बाबा आश्रम के अतिक्रमण ढहाए जाने की बरसी पर नगर में जनगीत यात्रा निकाली।
सैंज कुमाल्टी में पायलट बाबा आश्रम द्वारा गंगोत्री राजमार्ग समेत गांव के हकहकूक की जमीन पर अतिक्रमण कर विशाल मूर्तियाें का निर्माण किया गया था। अतिक्रमण के खिलाफ पत्रकारों ने संवेदना समूह आदि संगठनों के साथ पिछले वर्ष 79 दिनों तक कलेक्ट्रेट में धरना दिया था। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने एक वर्ष पहले आज ही के दिन पायलट बाबा आश्रम के अतिक्रमण पर डोजर चलाया था।
न्याय की जीत की इस बरसी पर संवेदना समूह, अनघा माउंटेन एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन आदि संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जनगीत यात्रा निकाली। संवेदना समूह के अध्यक्ष जयप्रकाश राणा ने कहा कि जनहित एवं सत्य को लेकर यदि दृढ़ निश्चय के साथ संघर्ष किया जाए तो जीत तय है। इस मौके पर पत्रकार सूरत सिंह रावत, लोक सेवक संघ के बुद्धि सिंह पंवार, सुनील नवप्रभात, सुरेंद्र पुरी, प्रमोद पैन्यूली, अजय पुरी, महावीर चौहान आदि अनेक लोग मौजूद थे।