शुक्रवार को जिले में दिनभर चटक धूप के साथ गर्म रहा मौसम शाम के समय बारिश के साथ खुशगवार हो गया। यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रहने पर भी शुक्रवार को महज 4077 तीर्थयात्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचे। जिले में शुक्रवार सुबह से ही चटक धूप के साथ तापमान में इजाफा दर्ज किया गया।
दिन के समय जिला मुख्यालय पर तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम को खुशगवार बना दिया। शुक्रवार को 1441 तीर्थयात्री यमुनोत्री और 2636 यात्री गंगोत्री धाम पहुंचे।
विगत 28 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि के बाद से चार धाम यात्रा में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। कम संख्या में यात्रियों के पहुंचने से तीर्थधाम एवं यात्रा पड़ावों पर रौनक कम होती जा रही है। ब्यूरो