चिन्यालीसौड़। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत राइंका रौंतल व सुमन ग्रामर जूनियर हाईस्कूल ब्रह्मखाल में गोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
शनिवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण समिति की ओर से राइंका रौंतल में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग में कुसुम नौटियाल प्रथम, आयुषी नौटियाल द्वितीय तथा अंकिता तृतीय स्थान पर रही। सीनियर वर्ग में कुसुम, कल्पना एवं कृष्णा ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य केसी जोशी, फार्मासिस्ट गिरीशभूषण नौटियाल, महेंद्र जगूड़ी, मनवीर चंद रमोला, आरएस परमार आदि मौजूद रहे।
उधर सुमन ग्रामर जूनियर हाईस्कूल ब्रह्मखाल में आयोजित कार्यक्रम में डा. प्रिय दर्शिनी ने बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य रमेश उनियाल ने बच्चों को तंबाकू सहित नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। इस मौके पर हुई निबंध प्रतियोगिता में पूजा भंडारी, अनुज रावत एवं गौरीशंकर तथा चित्रकला प्रतियोगिता में गौरीशंकर, अनुज रावत एवं आयुष सेमवाल ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।