बड़कोट (उत्तरकाशी)। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने यमुना घाटी का दौरा कर क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्होंने नशे एवं अपराध पर नियंत्रण में सहयोग की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम की मौजूदगी और बड़े आबादी क्षेत्र को देखते हुए उत्तरकाशी और बड़कोट थाने को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट बृहस्पतिवार को यमुना घाटी के दौरे पर पहुंचे। एसपी ने कहा कि सड़क हादसों पर नियंत्रण एवं नशे के खिलाफ कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता में है। यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम की मौजूदगी और बड़े आबादी क्षेत्र को देखते हुए उत्तरकाशी और बड़कोट थाने को उच्चीकृत करने की जरूरत है।
व्यापारियों ने नगर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने की मांग की। पालिकाध्यक्ष अनुपमा रावत ने बताया कि बिजली की लाइन पर काम के चलते सीसीटीवी कैमरों की लाइट कटी हुई है। इसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा। जयेंद्र रावत ने नगर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर बडोला, थाना प्रभारी निरीक्षक डीएस कोहली, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजाराम जगूड़ी, सुरेंद्र रावत, एसआई रजनीश सैनी, सतवीर सिंह, सुषमा, राम प्रसाद बहुगुणा, भगत रावत, कमलेश रावत, मनजीत रावत आदि मौजूद रहे।