उत्तरकाशी। एक जनवरी 2019 अर्हता तिथि के आधार पर सभी मतदाताओं के नाम दर्ज कर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डा. आशीष चौहान ने सभी राजनीतिक दलों के साथ ही प्रत्येक मतदेय स्थल पर यह सूची उपलब्ध करा दी है। अर्हता रखने के बावजूद सूची में दर्ज नहीं हो पाए मतदाता फार्म-6 भरकर अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम ने बताया कि एक जनवरी 2019 तक 18 आयु पूरी कर चुके लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं। इसका पुनरीक्षण कर 31 जनवरी को इसका अंतिम प्रकाशन किया गया है। डीएम ने फोटोयुक्त विधान सभावार मतदाता सूची राजनीतिक दलों को मुहैया कराई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेबल ऑफिसर के पास भी उपलब्ध करा दी गई है। डीएम ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसमें टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जानकारियां प्राप्त की जा सकती है। आगामी 11 फरवरी को पीजी कालेज ऑडिटोरियम के साथ ही बड़कोट, पुरोला एवं चिन्यालीसौड़ महाविद्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस के शीशपाल पोखरियाल, उक्रांद के बीडी मिनान एवं जेठूलाल भारती, बसपा के पपेंद्र नेगी, भाकपा के महावीर प्रसाद भट्ट, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, विनायक श्रीवास्तव, वीणा त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।