उत्तरकाशी। कलक्ट्रेट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ‘पंख’ बाल फिल्म महोत्सव का शुभारंभ किया गया। चिल्ड्रन फिल्म सोसायटी भारत सरकार के सहयोग से आयोजित फेस्टिवल में बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत प्रेरणादायक बाल फिल्में दिखाई जा रही है।
बुधवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डा. स्वराज विद्वान, जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत एवं डीएम डा. आशीष चौहान ने बाल फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि यमुनोत्री विधायक ने इस पहल की सराहना करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बाल फिल्में देखने भेजें। इससे बच्चों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। आयोग की सदस्य डा. विद्वान एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य हैं। इन्हें अच्छे संस्कार और ज्ञान देना हमारा दायित्व है। डीएम ने बताया कि चिल्ड्रन फिल्म सोसायटी भारत सरकार के सहयोग से आयोजित यह फेस्टिवल 21 जनवरी तक चलेगा। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य, एसडीएम देवेंद्र नेगी, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, देवेंद्र पटवाल, शार्दुल गुसाईं, संतोषी सजवाण, मंगला राणा, डा.हरदेव रावत, रविंद्र भंडारी, भूपेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।