उत्तरकाशी। डीएम ने सरकारी विद्यालयों में होने वाली मासिक परीक्षा में परिणाम खराब होने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही उन्होंने सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए कुछ दूरस्थ विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था करने की बात कही।
सरकारी विद्यालयों की मासिक परीक्षा प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए शिक्षकों को संवेदनशील होकर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने बीते माह डुंडा ब्लाक की मासिक परीक्षा के परिणामों पर नाराजगी जताते हुए शिक्षकों को संवेदनशील होकर कार्य करने की नसीहत दी। साथ ही उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ब्लाकवार 5-5 विद्यालयों में मासिक परीक्षा में सबसे कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि सतलुज जल विद्युत निगम की मदद से मोरी नैटवाड़ इंटर कालेज में स्मार्ट क्लास, स्मार्ट डिजिटल लैब व साइंस लैब बनाई जाएगी। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय मोरी में छात्राओं के उपयोग के लिए गीजर व सोलर लाइट लगाई जाएगी। साथ ही सरबडियार, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं राइंका मातली में भी स्मार्ट क्लास चलाई जाएगी। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद थे।