उत्तरकाशी। उच्च शिक्षा एवं सहकारिता राज्य मंत्री धन सिंह रावत ने पीजी कालेज, उपभोक्ता भंडार एवं सहकारी बैंक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सहकारी बैंक की महिला शाखा का शुभारंभ किया।
पीजी कालेज निरीक्षण के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य चौहान ने महाविद्यालय में प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति के साथ ही अन्य समस्याओं के निस्तारण की मांग की। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने महाविद्यालय की छात्राओं के लिए अलग छात्रावास की मांग की। इस पर राज्य मंत्री ने छात्रसंघ कक्ष निर्माण के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की। राज्य मंत्री ने जिला सहकारी बैंक एवं उपभोक्ता भंडार का निरीक्षण भी किया। सभासद देवराज बिष्ट, बुद्धि सिंह राणा, गीता रावत ने राज्य मंत्री से पालिका बाड़ाहाट के कूड़ा निस्तारण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, राजेंद्र पंवार, शूरवीर चौहान, यशपाल पंवार, जगमोहन रावत आदि ने राज्य मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वर्ष 2012-13 की आपदा के दौरान यात्रा एवं पर्यटन व्यवसाय चौपट हो गया था। उन्होंने राज्य मंत्री से आपदा के बाद तीन साल का ब्याज माफ करने व ऋण चुकाने की अवधि में छूट की मांग की। भ्रमण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत, सहकारी बैंक अध्यक्ष विक्रम रावत, उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष अजय बहुगुणा, डीएम डा.आशीष चौहान, सीडीओ प्रशांत आर्य आदि मौजूद रहे।