पुरोला। करड़ा गांव में पेयजल किल्लत के चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीस साल पुरानी योजना के स्रोत पर पानी कम होने के कारण यह समस्या आ रही है।
करड़ा गांव के धीरपाल रावत ने बताया कि तीस साल पहले जल संस्थान द्वारा धड़ोली से करड़ा गांव के लिए तीन किमी लंबी पेयजल योजना का निर्माण कराया गया था। तब गांव में परिवार कम संख्या में थे और स्रोत का पानी पर्याप्त था। बीते साल में इस स्रोत पर वाटर डिस्चार्ज कम होता जा रहा है, जबकि गांव की आबादी तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में गांव में 70 परिवार निवास करते हैं, जिनकी प्यास बुझाने में पुरानी पेयजल योजना नाकाम साबित हो रही है। ग्रामीण लंबे समय से गांव के लिए नई पेयजल योजना बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी सुनवाई करने को राजी नहीं। अब ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई करने व गांव की पेयजल समस्या का समाधान कराने की मांग की है।