पुरोला। मोरी ब्लाक के सौड़ गांव से डेढ़ माह पूर्व लापता युवती का शव धौला के पास टौंस नदी से बरामद हुआ। युवती की हत्या के आरोप में पुलिस पहले ही एक युवक को जेल भेज चुकी है।
डेढ़ माह पूर्व युवती के पिता मोरी ब्लाक के सौड़ गांव के पूरण चंद ने गांव के ही एक युवक प्रीतम सिंह के खिलाफ थाना मोरी में तहरीर दी थी। तहरीर में पूरण ने प्रीतम पर बेटी संगीता को शादी का झांसा देकर गायब करने और हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और युवती की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार को धौला के पास टौंस नदी में एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। युवती के बड़े भाई भागीराम ने शव की शिनाख्त संगीता के रूप में की। पुलिस उपाधीक्षक जीएल कोहली ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।