उत्तरकाशी। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यापन परिषद (नैक) की टीम ने पीजी कालेज का निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम के सदस्य महाविद्यालय की व्यवस्थाओं से काफी खुश नजर आए।
बीते दिनों पीजी कालेज के निरीक्षण पर आई नैक की टीम ने महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। इस दौरान प्राचार्य डा. सुरेश चंद्र ममगाईं ने महाविद्यालय की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद टीम ने सभागार में महाविद्यालय के सभी संकायों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट का अवलोकन किया। इस दौरान यहां किए जा रहे शोध कार्य एवं व्याख्यान में अत्याधुनिक उपकरणों के प्रयोग को उन्होंने सराहा। नैक की टीम ने महाविद्यालय के पुरीखेत एवं मुख्य परिसर का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर्स रेंजर्स एवं क्रीड़ा विभाग की प्रदर्शनी भी देखी। इस दौरान गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं द्वारा तैयार पारंपरिक व्यंजन टीम के सदस्यों को परोसे गए। इसके बाद टीम के सदस्यों ने महाविद्यालय में पीटीए तथा पूर्व छात्र परिषद के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उनके स्वागत में महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। डा. शकुंतला बंजारे के संयोजन में पहुंची टीम में डा. मारग्रेट बैस्टीन, प्रोफेसर राकेश चंद्र कठियार एवं डा. मोहित तिवारी शामिल रहे।