उत्तरकाशी। खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण की ओर से आंचल दूध डेयरी के साथ ही आठ विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर लैब भिजवाए। साथ ही व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर नोटिस दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्होंने मातली स्थित आंचल दूध डेयरी का निरीक्षण कर यहां खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डेयरी से दूध और दूध पाउडर के सैंपल जांच के लिए भिजवाए। इसके अलावा उन्होंने नगर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और उनकी वर्कशॉप का निरीक्षण किया। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान मिठाई, दाल, तेल एवं कन्फैक्शनरी के आठ सैंपल भी जांच के लिए रुद्रपुर लैब भिजवाए गए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर डिब्बाबंद खाद्य सामग्रियों में भी गड़बड़ी की शिकायत मिली है। ऐसे में जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यापारी पूरी सतर्कता बरतें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा मानकों को पालन नहीं करने पर 12 खाद्य व्यापारियों को नोटिस भी जारी किए। उन्होंने सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों की सूची और शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर चस्पा करने के लिए कहा।