उत्तरकाशी। गंगा संरक्षण के लिए श्री रामायण प्रचार समिति की ओर से निकाली जा रही जन चेतना कलश यात्रा बृहस्पतिवार को ऋषिकेश के लिए प्रस्थान कर गई।
लोगों को गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से श्री रामायण प्रचार समिति की ओर से गोमुख से ऋषिकेश तक जनचेतना कलश यात्रा निकाली जा रही है। बीते मंगलवार को दल ने गोमुख से गंगा जल के कलश भरे। लौटते समय संत कृपालु महाराज के नेतृत्व मेें गोमुख से गंगोत्री तक सफाई अभियान चलाया। बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी पहुंचने पर दल ने पर्यावरण प्रेमी प्रताप पोखरियाल के नेतृत्व में श्याम स्मृति वन में पौधरोपण किया। मातली स्थित कपिलेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा-अर्चना के बाद पौधरोपण किया और ऋषिकेश के लिए रवाना हुए। समिति के पं. रवि शास्त्री ने कहा कि ऋषिकेश पहुंचकर यात्रा का समापन किया जाएगा। इस मौके पर श्रीश बहुगुणा, दीपक बधानी, पृथ्वीपाल उनियाल, चंद्रशेखर भट्ट आदि मौजूद रहे।