उत्तरकाशी। असी गंगा घाटी को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला गंगोरी-संगमचट्टी मोटर मार्ग असी गंगा नदी में आए उफान में क्षतिग्रस्त हो गया। इससे क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों का संपर्क कटने से ग्रामीणों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
सोमवार देर रात हुई बारिश के बाद असी गंगा में आए उफान से तटवर्ती हिस्सों में कटाव बढ़ गया। डिगिला पुल के पास गंगोरी-संगमचट्टी मोटर मार्ग का करीब दस मीटर हिस्सा नदी के कटाव से ध्वस्त हो गया, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। सड़क अवरुद्ध होने से क्षेत्र के सेकू, गजोली, नौगांव, भंकोली, अगोड़ा, ढासड़ा, दंदालका एवं डोडीताल का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। क्षेत्र के कमल सिंह रावत, महावीर पंवार, संजय पंवार आदि ने प्रशासन से शीघ्र सड़क दुरुस्त कराकर वाहनों की आवाजाही सुचारु कराने की मांग की है।